Tuesday, January 3, 2017

जोशी जी को याद करते हुए

जगदीशचन्द्र जी आज अस्सी के होते। राजनीति में भला अस्सी की उमर भी कोई उमर है। मोरारजी, ज्योति बसु, नरसिंहराव, सब अस्सी पार ही तो क्लाइमेक्स में रहे और छाए। आडवाणी जी भी इसी उमर मे हैं, भगवान उन्हे चुस्त दुरुस्त रखे। इस हिसाब से वे जल्दी चले गए। ईश्वर ने उन्हें जल्दबाज ही गढ़ा था। इसीलिए तो उमर के पहले ही विन्ध्य प्रदेश के विधायक बन गए। जिस उम्र में आज के युवा राजनीति का कहकहरा सीखते हैं उस उम्र में वे सोशलिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य हो गए। 1957 में मध्यप्रदेश की पहली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बन गए यानी कि 30 वर्ष की उम्र में ही। सफलता के एवरेस्ट में चढने के मामले में वे जल्दबाज निकले। सबसे कम उमर के विधायक, फिर सोपा के राष्ट्रीय नेता, और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष।
जोशी जी मेधा और उर्जा के पुंज थे, और इसी ने उन्हे जीवन भर विकल बनाए रखा। वे लोहिया के वंशधरों में जार्ज फर्नीडीस और मुलायम सिंह यादव व इनके समकलीनों से ज्येष्ठ और श्रेष्ठ थे। मैं जार्ज से भी मिला और मुलायम से भी। दोनों के हृदय में जोशी जी के प्रति अकूत सम्मान भाव। दोनों में इस बात का मलाल भी था कि जोशी जी जैसा महान नेता अस्सी के दशक तक आते आते कैसे हांसिए में चला गया। मुझे याद है अमर सिंह और राजबब्बर के समाजवादी पार्टी में प्रवेश के बाद एक स्थिति ऐसी भी आयी जब जनेश्वर मिश्र को दरकिनार का किसी अन्य को मुलायम सिंह ने राज्यसभा भेज दिया तो जोशी जी ने फोन पर मुलायम से ऐतराज व्यक्त किया और लेख भी लिखा जो देशबन्धु में छपा। फिर जनेश्वर जी राज्यसभा गए। ये मैं इसलिए बता रहा हूं कि जोशी जी ने देशबन्धु के इलाहाबाद लखनउ संस्करण के लिए तैय्यार किया था इस पर बाबू जी (मायाराम सुरजन) की सहमति भी थी। यह वह समय था तब यूपी में अखबारों ने मुलायम सिंह का बायकाट करके रखा था। यानी कि 93 के आसपास की बात। जोशी जी किसी हैसियत में नहीं थे फिर भी वे तत्कालीन लोहियाइयों के पथ प्रदर्शक थे। सेन्ट्रल हाल व इन्डिया इन्टरनेशनल की चहल पहल के रौनक थे जब भी वे दिल्ली में रहते।
विन्ध्य में समाजवाद का मतलब जगदीश जोशी। जोशी जी का ऐसा जादुई सम्मोहन कि 70 तक समाजवादियों के यहां के वही हीरो वही मसीहा। विन्ध्य में लोहिया की त्रयी जोशी, यमुना, श्रीनिवास, में वे सबसे कम उम्र के थे, लेकिन सबके नेता वही थे। श्रीनिवास तिवारी जी, यमुना शास्त्री उनसे उम्र में बडे़ थे पर कमान्डर जोशी जी ही थे। अच्युतानंद मिश्र, और शिवकुमार शर्मा तो जोशी जी से इतने बड़े भक्त थे कि वे जोशी जी में कोई दैवीय शक्ति देखते थे। उम्र में बड़ा होने के बावजूद भी वे तिवारी जी को हमेशा वात्सल्य भाव से देखते थे। तिवारी जी के पास जोशी जी के दृष्टान्तों का इतना मोटा पोथन्ना है कि घन्टों सुनते जाइए जोशी जी का चैप्टर खत्म ही नहीं होगा। बातचीत में वे अक्सर कहां करते थे कि जोशी जी कांग्रेस नहीं छोड़े होते तो सन् 80 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ लेते। सन् 72 के चंदौली सम्मेलन में जब जोशी जी ने कांग्रेस में जाने का फैसला लिया तो, तिवारी जी बताते हैं कि हम लोगों के पास उनकी बात मानने के अलावा कोई चारा ही नहीं था, यद्यपि मैं और स्वामी जी (अच्युतानंद) व्यक्तिगत रूप से कांग्रेस में जाने के पक्ष में नहीं थे फिर भी गए। इन्दिराजी जोशी जी से न सिर्फ प्रभावित थीं अपितु वे उनकी मेधा व व्यक्तित्व से मंत्रमुग्ध भी थीं। इसलिए चंदौली के तत्काल बाद ही राज्यसभा ले र्गइं और संसद की कई महत्वपूर्ण समितियों में नामजद कर दिया। जोशी जी उन दिनों इन्दिरा जी के प्रमुख सलाहकारों मे थे। इन्दिरा जी इन्हें बहुत आगे बढ़ाना चाहती थीं लेकिन दो साल के भीतर ही इनका मोहभंग हो गया। उधर जयप्रकाश का आन्दोलन चरम पर था। जोशी जी का समाजवादी डीएनए एक बार फिर हिलोरें लेने लगा और जैसे ही इमरजेन्सी लागू हुई व जार्ज जैसे उनके साथियों को आडा-बेड़ी लगी वैसे ही जोशी जी कांग्रेस से मुक्त होने के लिए छटपटाने लगे। और मुक्त भी हो गए। जोशी जी जब कांग्रेस छोड़कर जाने लगे तब फिर अपने साथियों को याद किया। तिवारी जी बताते हैं कि ‘‘मैने इस बार जोशी जी को ठेठ अंदाज में जवाब दिया-खसम किया बुरा किया करके छोड़ दिया और बुरा किया।’’
जोशी जी की प्रवृत्ति में ठहराव था ही नहीं। वे हर परिवर्तन में संभावनाओं के बीज तलाशते थे। दरअसल वे अन्तर्मन से एक भावुक सर्जक थे। जरा सा घात भी उन्हंे विचलित कर देता। यमुना शास्त्री के भी वे नेता थे। यद्यपि शास्त्री जी और चन्द्र प्रताप तिवारी बहुत पहले ही आचार्य नरेन्द्र देव की धारा को चुन लिया था। इस दृष्टि से समाजवादी रहते हुए भी ये अलग-अलग थे। पर शास्त्री के चेतनमन में जोशी जी की गहरी पैठ थी। तिवारी जी की तरह शास्त्री जी ने भी एक बार कहा था ‘‘यदि जोशी जी 72 के चंदौली सम्मेलन में न गए होते तो जयप्रकाश नारायण के बाद देश के दूसरे क्रम के नेताओं मे वही अग्रणी होते। यह मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे श्री जोशी, शास्त्री जी और तिवारी जी तीनों का वरदहस्त और अटूट स्नेह मिला। कभी-कभी या यों कहे प्रायः ही इन तीनों के बीच में संवाद सेतु का काम करता था। तिवारी जी जोशी जी का तो प्रायः संवाद होता। जोशी जी विधानसभा की कुछ समितियों में भी रहे। पर दोनों शास्त्री जी की चिन्ता करते रहते। और शास्त्री जी भी। ऐसा भावनात्मक अपनापन दुर्लभ ही होगा। रीवा उनका दिल था तो सतना जिगर। शक्ति पाण्डे, मुरलीधर शर्मा, अब्दुल खालिक बच्चा, प्रभाकर सिंह और न जाने कितनों से लेकर नई पीढ़ी के गणेश सिंह, लक्ष्मी यादव, दयानंद कुशवाहा, उनके भक्त और शिष्य।
जोशी जी को जो बात तिवारी जी और शास्त्री जी से अलग करती है वह यह कि जोशी जी इन लोगों की भांति चौबीसों घंटों के नेता नहीं थे। जोशी जी सर्जक थे। इन्हंे कविता से प्यार था। लेख लिखते थे। ज्योतिष की गणना लगाते थे। संस्कृति और परंपराओं को जीते थे। वे दलबंदी, हदबंदी के ऊपर मनुष्य के लिए सोचते थे। निश्चित ही राजनीति के शिखर तक पहुंचने की चाह उनमें रही होगी लेकिन उनके सर्जक ने राजनीति में एक निष्ठ होने ही नहीं दिया। मोह होना और उसका भंग हो जाना यह उनकी प्रवृत्ति मे था। जिन्दा कौमें पांच साल तक इन्तजार नहीं करतीं, लोहिया जी की इस उक्ति को वे जीते थे। लोहिया भी तो सिर्फ एक चुनाव जीते। चुनाव जीतना राजपुरुष का आखिरी पैमाना तो नहीं वे यही मानते थे। जोशी जी भाषा के प्रकाण्ड पंडित थे। हिन्दूी, अंग्रेजी, संस्कृति तीनों विषय लेकर बीए आनर्स किया था। छात्र जीवन और आन्दोलनकारी दौर में भी उन्होने खूब लिखा। विन्ध्यप्रदेश के मर्जर के खिलाफ आन्दोलन के लिए जोशी जी ने जोशीला तराना लिखा था। सन 52 में जब गोली चली थी तो युवाओं का जत्था जोशी जी का ही तराना ‘‘हम नया तराना गाते हैं, हम नया जमाना लाते हैं, हम नई मशालें ले ले के, मुर्दो में जोश जगाते हैं’’ गा रहे थे। जोशी जी का काव्य संग्रह ‘शैल रेखा’ उनके भावुक कवि को उभारता है। लोहिया के वंशधरों में उनकी नसीहते हैं। 90 के बाद से उन्होंने निरंतर लिखना शुरू किया। उनके लेख देशबन्धु के सभी संस्करणों में छपते। कभी कभार तो नवभारत टाइम्स और जनसत्ता सरीखे अखबार भी देशबन्धु से सभार उनके लेख छापते। इन लेखों के तीन संग्रह आए हैं ‘‘कहि न जाय का कहिए, मैं नहीं युग बोलता है और शताब्दी विमर्श। जोशी जी के लेखों में जहां विन्ध्य की संस्कृति व परंपराओं की महक है, वहीं वैश्विक चिन्ता भी। विन्ध्य के पुनरोदय की बात जिस शिद्दत से करते थे उसी गंभीरता से बंर्मा की आन सांग सू की के आन्दोलन की। अराजकता चाहे रीवा शहर की हो या फिलीपीन्स की जहां एक गुन्डे जार्जस्पीट ने संसद को बंधक बना लिया था उन्हें विचलित करती व लेख का विषय बनती। जोशी जैसा व्यक्तित्व दुर्लभ है। मेरी दृष्टि मे वे युगांधार हैं। वे समग्र व्यक्ति थे जिसमें कुछ हिस्सा राजनेता का था तो कुछ सर्जक, कलाकार का कुछ संसारी मनुष्य का तो कुछ दैवीय आभा का। वे एक में ही सब कुछ थे व एक में ही सबकुछ साधे भी रहे। वे विरले थे दिखने में, लिखने में और बोलने में। एक महामानव जो व्यक्तित्वों की त्रिवेणी का संगम था और जिसके सानिध्य में मुझ जैसे कई अकिंचन दीक्षित हुए उसी तरह जैसे प्रयाग में स्नान कर श्रद्धालु पवित्र होते हैं।
नमन!

















Saturday, December 31, 2016

वक़्त की चौखट पर लोकशाही की दस्तक

Jayram Shukla
 ईश्वर से प्रार्थना है कि नए वर्ष में हर व्यक्ति की आत्मा में बैठे हनुमानजी जाग्रत हो, और भ्रष्टाचार, अनाचार, विषमता, कुशासन की लंका का दहन करने के लिए समर्थवान बनें, देश में सुराज और रामराज्य नेताओं के नहीं आम आदमी के पराक्रम से ही संभव होगा।
......................................................................................................................
य ह संयोग ही है कि नववर्ष यानी कि 2014 दिन-तिथि के हिसाब से वर्ष 1947 को दोहराने जा रहा है। वह आजादी का वर्ष था। तुर्को, मुगलों और अंग्रेजों की कोई पौने दो हजार वर्ष की गुलामी-दर-गुलामी से मुक्ति का वर्ष। 2014 में प्रवेश के पूर्व लोकशाही ने वक्त की चौखट पर दस्तक दी है। महाभारत से लेकर स्वतंत्रता संग्राम की साक्षी रही दिल्ली ने इस बार लोकसंग्राम की जीत देखा है। पिछले साल के ये दिन देश भर के लिए अवसाद व पीड़ादायक रहे। दिल्ली के वक्षस्थल पर एक बालिका का वीभत्स शीलहरण हुआ था। इसके बाद पूरा वर्ष दैवीय और मानवीय प्रकोप में डूबता उतरता रहा। शुभारंभ के संकेत ही आगत का हाल बता देते हैं। उत्तराखण्ड के केदार-बद्रीनाथ में जो प्रलय हुआ वह दिल दहलाने वाला रहा। यह हिमालय पर्वत श्रृंखला की शिखाओं से निकली एक चेतावनी थी। प्रकृति के साथ अन्याय करोगे तो वह प्रतिशोध लेगी। प्रकृति का प्रतिशोध भी समदर्शी होता है। वह चीन्ह-चीन्ह कर उपहार या दण्ड नहीं देती। सबको एक नजर से देखती है। पता नहीं इस घटना से सत्ता और व्यवस्था प्रतिष्ठानों ने क्या सबक लिया। पर संकेत और संदेश दोनों स्पष्ट हैं। भौतिक विलास और कथित औद्योगिकीकरण के विस्तार के नाम पर यदि हमने प्रकृति के उपादानों का शोषण किया तो सजा भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। प्रलय या संहार की तिथि व अवधि तय नहीं होती। यह हमारे सुकर्मो व दुष्कर्मो पर निर्भर होता है। उत्तराखण्ड जैसे आपदा प्रकृति न दोहराए इसके लिए हम व्यवस्था और सत्ता प्रतिष्ठानों को सचेत करें। नए वर्ष में नदी- जंगल-पर्वत, झरने, जीव-जन्तु इन सबके संरक्षण की दिशा में एक जन आन्दोलन खड़ा होना चाहिए।
वर्ष 2013 ने कई सामाजिक व्याधियों की सजर्री भी की है।
फोड़ा जब शरीर के अन्दर होता है तो लहकता है, उसे ठीक करने के लिए चीरा लगाकर मवाद का निकाला जाना जरूरी है।
आसाराम और नारायण सांई जैसी व्याधियां भी सामने आईं। महिला सशक्तीकरण और सूचना क्रांति ने रंग दिखाया। अत्याचार, दमन और दुष्कर्म को सामान्य तौर पर जज्ब करने वाली बहादुर महिलाएं सामने आईं, आसाराम और तरूण तेजपाल जैसे रसूखदारों के नकाब को नोचकर समाज के सामने उनकी असलियत को लाया।
अब शेष काम न्यायालय का है। न्याय तंत्र ने भी पूरे वर्ष संजीदगी का परिचय दिया। चाराघोटालें में लालू यादव और जगन्ननाथ मिश्र सहित कई अफसर हकीमों को सजा और उनकी जेल यात्रा ने सामान्यजन में न्यायतंत्र की प्राणप्रतिष्ठा की और इस मिथक को तोड़ा कि जेल और सजा सिर्फ गरीब लोगों के लिए हैं। पिछले वर्षो की भांति भ्रष्टाचार के नित नए खुलासे होते रहे। सीमा पर पाकिस्तान और चीन की हरकतों को कायरों की भांति नजरंदाज करना वर्ष भर सालता रहा लेकिन जाते-जाते अपनी राजनय देयवायानी प्रकरण में अमेरिका को अपने जिस तेवर से परिचित कराया उससे विश्वास जागा है कि अब सीमा पर भी इसी तरह दिलेरी का परिचय देते हुए अपने एक के बदले उनके चार मारेंगे भले ही यह काम उनके घर में घुस कर करना पड़े।
मीडिया साल भर अतिरेकी बना रहा। जरूरी मुद्दों से ज्यादा गैर जरुरी मुद्दे उसके टीआरपी का सनसेक्स बढ़ाते रहे। मीडिया ने साल भर नरेन्द्र मोदी की पालकी ढोई। कभी नकली लालकिला तो कभी गत्ते के सेट वाले संसद के मंच से मोदी दहाड़ते रहे। टीवी मीडिया कई गुना ज्यादा एम्प्लीफाई कर उनकी दहाड़ को चिग्घाड़ बनाकर दर्शकों को परोसता रहा। कारपोरेट मीडिया भी लोकशाही की ताकत के आगे नतमस्तक दिखा। दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का झडू उसकी टीआरपी के लिए मजबूरी बन गया। किन्तु -परन्तु की तमाम आवांछनीय टिप्पणियों के बावजूद भी। चार राज्यों के चुनाव परिणाम ने 128 साल पुरानी कांग्रेस के अधोपतन का रास्ता तैयार किया। अर्थशाी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का मौन और मजबूरी भी देखा तो उपाध्यक्ष राहुल गांधी की प्रेस क्लब में लोकायुक्त बिल को लेकर खिलदण्डई भी। बाहें चढ़ाकर उनका चीख-चिल्लाहट भरा भाषण युवाओं को लुभा नहीं सका और न ही सिर पर तगाड़ी लेकर मनरेगा की मजदूरी वाली तस्वीर ने गरीबों को जोड़ा। बंगाल की शेरनी ममता बनर्जी के भी ताजिए ठंडे रहे। मुलायम-नीतिश की तीसरे मोर्चे की परिकल्पनाएं हवाओं में तैरती-उतराती रहीं। उम्मीद के विपरीत मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की हैट्रिक ने राजनीति की नई परिभाषा गढ़ी। नई परिभाषा इस मायने में कि आम आदमी आज भी विकास से ज्यादा सम्मान और अपनेपन के लिए लालायित है। प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के लगे तमाम आरोपों के बावजूद शिवराज की लाजर्र दैन लाइफ इमेज बनीं और वे गरीब तथा वंचित लोगों के दिल में ऐसे बैठे कि नया चुनावी इतिहास रच दिया। वे प्रदेश की जनता के सबसे बड़े कजर्दार हैं, उनके सिर पर जगाई गई उम्मीदों और अपेक्षाओं का गुरूतर बोझ है। अपनी विनम्रता व सहजता की बदौलत भविष्य की असीम संभावनाओं के कपाट खोले हैं। उनकी कथनी और करनी में भेद नहीं रहा तो यकीन मानिए वे निकट भविष्य में देश के यशस्वी व सफल नेताओं की श्रेणी में शामिल होने के सान्निकट हैं।
गुजरा हुआ साल युवाओं और महिलाओं की नवचेतना, संघर्ष और नए आगाज का साल रहा। यह साल आम आदमी के वजूद को पुर्नव्याख्यायित करने का भी रहा। डेढ़ साल पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना के आन्दोलन को राजनीतिक दलों ने जिस तरह मजाक में बदलने की कोशिश की थी दिल्ली में आम आदमी ने उसका माकूल जवाब दे दिया। राजनीति अब परम्परागत दलों, घरानों और रसूखदारों की बपौती नहीं रही और न ही किसी के नाम इसका पट्टा है। आम आदमी को केन्द्रीय थीम पर रखकर अरविन्द केजरीवाल ने जिस तरह राजनीतिक नवाचार को यथार्थ के धरातल पर उतारा है वह हताश अवाम को नया रास्ता दिखाता है। डेढ़ साल की पुरानी पार्टी ने 128 साल के राजनीतिक संस्था को उसके वजूद की चुनौती दी है। दिल्ली की जीत और ‘आप’ तमाम राजनीतिक दलों के लिए सबक है। यह सबक वंश परम्परा और यथास्थितिवाद तोड़ने का है। नए साल में सभी राजनीतिक दल ‘आप’ को सामने रखकर या तो आत्म अवलोकन के लिए विवश होंगे या फिर अपने लिए अधोगति की राह चुनेंगे। आम आदमी और उसकी मुश्किलें केन्द्र में होंगी। कोई ढोंग नहीं चलेगा। देश के दो फीसदी लोगों के कारपोरेटी प्रायोजन से 98 फीसदी लोगों की बात करने वाले लोगों का भी ढ़ोंग सामने आएगा। क्योंकि हर सूबे में एक अरविन्द केजरीवाल के जन्म लेने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
हम उम्मीद करते हैं कि नया वर्ष आम आदमी की मुश्किलों को कम करने वाला होगा। मंहगाई पर लगाम लगेगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ छेड़ी गई निर्णायक जंग मुकाम तक पहुंचेगी। मई 2014 में दिल्ली के सिहासन पर एनडीए का राज होता है, तीसरा मोर्चा आता है या फिर यूपीए करिश्मा करती है यह अभी इतिहास के गर्भ में है। लेकिन खुशी की बात यह कि आम आदमी की अपनी ताकत का अहसास उसी तरह होना शुरू हुआ है जैसा कि जामवंत के याद दिलाने पर हनुमान जी को हुआ था। ईश्वर से प्रार्थना है कि नए वर्ष में हर व्यक्ति की आत्मा में बैठे हनुमानजी जाग्रत हो, और भ्रष्टाचार, अनाचार, विषमता, कुशासन की लंका का दहन करने के लिए समर्थवान बनें, देश में सुराज और रामराज्य नेताओं के नहीं आम आदमी के पराक्रम से ही संभव होगा। नए वर्ष की असीम शुभकामनाएं।

धर्मवीर भारती को दुष्यंतजी का गजलपत्र

दुष्यंत कुमार की गजल एवम कवितायें जनांदोलनों का नारा बनकर आज भी उद्वेलित करती हैं . विधानसभाओं और संसद में सबसे ज्यादा उद्धरित किये जाने वाले कोई कवि हैं तो वे दुष्यंतजी ही है. १सितम्बर १९३३ को राजपुर नावड़ा बिजनोर में जन्मे दुष्यंतजी की कर्मभूमि भोपाल रही. ३० दिसंबर १९७५ को वो हमारे बीच नहीं रहे. लेकिन हिंदी शाइरी में जो स्थान उनका है उसके निकट तक कोई नहीं पहुंच पाया. दुष्यंतजी को गंभीर और क्रांतिधर्मी कवि मन जाता है लेकिन उनमे हास्य और मनोविनोद भी भरपूर था. उनका समग्र साहित्य ऑनलाइन व् पुस्तकों, चाहने वालो की जुबांनो पर है लेकिन मनोविनोद से भरा एक गजलपत्र आज धर्मवीर भारती की पत्रकारिता पढ़ते हुए सामने आया. यह गजलपत्र उन्होंने भारतीजी को पारिश्रमिक बढ़ाने को लेकर लिखा था जो धर्मयुग के २३ मार्च १९७५ के अंक में छपा था. धर्मवीर भारती का जवाब भी गजल में ही दिया। पढ़िए.
पत्थर नहीं है आप तो पसीजिए हुजूर
संपादकी हक़ तो अदा कीजिये हुजूर
अब जिंदगी के साथ जमाना बदल गया
पारिश्रमिक भी थोड़ा बदल दीजिये हुजूर
कल मैकदे में चैक दिखाया था आपका
वो हँस के बोले इससे जहर पीजिये हुजूर
शायर को सौ रुपये मिले जब गजल छपे
हम जिन्दा रहे ऐसी जुगत कीजिये हुजूर
लो हक़ की बात की तो उखाड़ने लगे हैं आप
शी..होठ सील के बैठ गए लीजिये हुजूर
निवेदक ..दुष्यंत कुमार
(धर्मवीर भारती का जवाब )
जब आपका गजल में हमें खत मिला हुजूर
पढ़ते ही यकबयक ये कलेजा हिला हुजूर
ये धर्मयुग हमारा नहीं सब का पत्र है
हम घर के आदमी हैं हमी से गिला हुजूर
भोपाल इतना महगा शहर तो नहीं कोई
महँगी का बांधते हैं हवा में किला हुजूर
पारिश्रमिक का क्या है बढ़ा देंगे एक दिन
यह तर्क आपका है बहुत पिलपिला हुजूर
शाइर को यहाँ भूख ने ही किया है यहाँ अजीम
हम तो जमा रहे हैं वही सिलसिला हुजूर
आपका.. धर्मवीर भारती
(मेरे मित्र साकेत दुबे की पुस्तक,..धर्मवीर भारती ःपत्रकारिताके सिद्धान्त..में इस वाकये का दिलचस्प तरीके से उल्लेख है )

कवि रघुवीर सहाय..अधिनायक

आज हिन्दी के मूरधन्य सपादक व यशस्वी कवि रघुवीर सहाय की पुण्यतिथि है। वे दिनमान के संपादक रहे,दूसरे तार सप्तक के प्रमुख कवि, जिन्हें 1984 में साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला 30 दिसम्बर 1990 मे उनका निधन हो गया। फिरपढ़िए उनकी एक सर्वकालिक कविता।
अधिनायक
...............
राष्ट्रगीत में भला कौन वह
भारत-भाग्य-विधाता है
फटा सुथन्ना पहने जिसका
गुन हरचरना गाता है।
मखमल टमटम बल्लम तुरही
पगड़ी छत्र चंवर के साथ
तोप छुड़ाकर ढोल बजाकर
जय-जय कौन कराता है।
पूरब-पश्चिम से आते हैं
नंगे-बूचे नरकंकाल
सिंहासन पर बैठा,उनके
तमगे कौन लगाता है।
कौन-कौन है वह जन-गण-मन
अधिनायक वह महाबली
डरा हुआ मन बेमन जिसका
बाजा रोज बजाता है।
Like
Comment

पटवाजी ने राजनीति के नए प्रतिमान गढ़े

पटवाजी नहीं रहे। भगवान ने उनके महाप्रयाण का वही दिन नियत किया जो कुशाहाऊ ठाकरे का था। 28 दिसम्बर को हम ठाकरे जी की पुण्यतिथि मनाते हैं।
मध्यप्रदेश में भाजपा का जो रसूख है वह ठाकरे जी की बदौलत लेकिन उसकी धार तेज की सुंदरलाल पटवा ने। पटवाजी ने अविभाजित मध्यप्रदेश में ऐसी तेजस्वी
पीढ़ी गढ़ी जो पिछले एक दशक से निर्विघ्न सत्ता की बागडोर संभाले हुए हैं। चाहे शिवराज सिंह हों या रमन सिंह, ब्रजमोहन अग्रवाल हों या कैलाश विजयवर्गीय सबमें पटवा की छाप दिखती है। नब्बे के चुनाव में भारतीय जनता युवा मोर्चा से निकलकर चुनाव के जरिए जो पीढ़ी विधानसभा पहुंची उसकी मेधा
की सच्ची परख यदि किसी ने की वो पटवा जी ही थे।आइएएस की तर्ज पर आप इसे नब्बे का बैच भी कह सकते हैं।
1941 में राज्य प्रजामण्डल से राजनीति की शुरुआत करने वाले पटवा जी 1942 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े। इसके बाद उनका ध्येय ही संगठन हो
गया। मालवा में संघ और संगठन की जमीन तैयार करने में भले ही कितने दिग्गज रहे हों पर पटवाजी ही वहां के पोस्टर ब्याय रहे। मुझे पटवा जी को देखने
सुनने का अवसर 82-83 के आस-पास मिला। तब मैं प्रशिक्षु पत्रकार था। पुरानी विधानसभा की पत्रकार दीर्घा से सदन की कार्रवाई देखना और उसेअखबार में रिपोर्ट करना एक अद्भुद् अनुभूति थी। विपक्ष के नेता के रूप
में पटवा जी जब सरकार पर हमला बोलते थे, तब ट्रेजरी बेंच स्तब्ध रह जाता था। अभी भी लोग मानते हैं कि 80-85 का समय प्रतिपक्ष की राजनीति का
स्वर्णिम दौर था जिसकी अगुआई पटवाजी के हाथों में थी। पटवाजी ने प्रतिपक्ष की राजनीति की एक मर्यादा और नीति निर्देशक सिद्धांत गढे़। मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह पर इतने तीखे हमले (जिसमें चुरहट लाटरी भी शामिल
था) करते थे, इसके बावजूद भी उनके और अर्जुन सिंह की मित्रता के रिश्तों
की कहानी सत्ता के गलियारों से गली-कूंचों तक सुनी जाती थी। प्रतिपक्ष की
राजनीति का वह दौर ‘बिलो द बेल्ट’ हिट करने का नहीं था। मैं पटवाजी का मुरीद था लेकिन तब तक कोई संवाद या पहचान जैसी बात नहीं थी। अवसर मिला और
उसके कारण बने ठाकरे जी। 90 के विधानसभा चुनाव के पहले रीवा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति होनी थी। रीवा के जिला भाजपाध्यक्ष थे कौशल प्रसाद
मिश्र। ठाकरे जी को दिल्ली से आना था इलाहाबाद के रास्ते। कुछ ऐसा संयोग बना कि ठाकरे जी को लेने मुझे इलाहाबाद जाना पड़ा। वहां से ठाकरे जी को
लेकर रीवा चले। रास्ते में ही परिचय हुआ कि मैं कार्यकर्ता नहीं पत्रकार हूं। मैं गया भी इसीलिए था ताकि ठाकरे जी से लंबा इन्टरव्यू कर सकूं।यहां राजनिवास में पटवाजी, कैलाश जोशी, विक्रम वर्मा, नंद कुमार साय जैसे
दिग्गज उनकी अगवानी में खड़े थे। ठाकरे जी के साथ जीप से उतरने पर सबकी नजरे मेरी ओर भी गई। ठाकरे जी के हांथ में मेरा सौंपा हुआ अखबार था,
जिसमें चुनाव के मद्दे नजर मेरा एक विश्लेषण था। बैठक के बाद मुझे पता चलाकि ठाकरे जी उस अखबार को लहराते हुए नेताओं से कहा था कि ये अखबार ठीक
लिखता है कि हम आगे बढे नहीं है अपितु कांग्रेस पीछे हटी है इसलिए भाजपाका माहौल दिख रहा है अभी काफी कुछ करने की जरूरत है। शाम को राजनिवास में
पटवाजी से मिलने पहुंचा। वे बड़े स्नेह से मिले और बोल-शुकल जी बहुत करारा लिखते हो।
पटवाजी की भाषण शैली के मुरीदों की संख्या लाखों में है। किस्सागोई के साथ धारदार व्यंग आम जनता पर सीधे उतर जाता था। पटवाजी के भाषणों को जस
का तस उतार दिया जाए तो उसके तथ्य-कथ्य कई व्यंगकारों की रचना पर भारी पड़ेगे। विन्ध्य में जब वे आते थे तो उनके स्वाभाविक निशाने पर अर्जुन
सिंह वे श्रीनिवास तिवारी होते थे। और जिस शानदार व्यंगशैली से इन परप्रहार करते थे कि सुनने वाले सालों-साल तक गुदगदाते रहते थे। बहरहाल 90 में भाजपा की सरकार बनी और पटवाजी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री की शपथ ली। इससे पहले वे प्रदेश की जनता
पार्टी की सरकार में एक महीने (20 जनवरी 80 से 17 फरवरी 80 तक) के मुख्यमंत्री रह चुके थे। यह चुनाव किसानों की कर्जामाफी और हर खेत को
पानी हर हाथ को काम के नाम पर लड़ा गया था। मुख्यमंत्री बनने के अगले महीने ही वे रीवा आए और मनगवां में किसान ऋणमुक्ति सम्मेलन में एक वृद्ध
महिला को ऋणमुक्ति प्रमाण पत्र सौंपते हुए उसके पांव छू लिए। यह तस्वीर उनके पूरे कार्यकाल तक सरकारी प्रचार प्रसार में आयकानिक बनी रही।
‘नब्बे की प्रदेश भाजपा सरकार नए खून व नए जोश से लबरेज थी। प्रतिपक्ष में थे पं.श्यामाचरण शुक्ल, अर्जुन सिंह, मोतीलाल बोरा, कृष्णपाल सिंह और
भी कई दिग्गज जो विधानसभा में चुनकर पहुंचे थे। श्री शुक्ल नेता प्रतिपक्ष थे। विपक्ष ने एक वर्ष के भीतर ही पटवा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव रखा। मैंने ऐसी ऐतिहासिक बहस विधानसभा में पहली बार
देखी-सुनी। पटवाजी ने जवाब के लिए कमान युवा विधायको को सौंपी जिसके अगुआ थे शिवराज सिंह चौहान। प्रतिपक्षी कांग्रेस के दिग्गजों के जवाब में
शिवराज सिंह चौहान ने एक घंटे का भाषण दिया मुझे याद है कि श्यामाचरण और अर्जुन सिंह की ओर इंगित करते हुए श्री चौहान ने यह कहते हुए अपने भाषण
पर विराम दिया था-सूपा बोले तो बोले, चलनी क्या बोले जिसमें छेदय छेद हैं। प्रस्ताव गिर गया। सत्रावसान के रात्रि भोज में पटवा जी को प्रणाम करने का मौका मिला तो बरबस ही पूछ बैठा शिवराज जी जैसे मेधावी युवा नेता को मंत्रिमण्डल से बाहर क्यों रखा है दादा? पटवा जी बोले-शुकल जी अपना शिवराज लंबी रेस का घोड़ा है देखते जाइए। पटवाजी की पारखी नजर के सभी कायल थे। यह सर्वज्ञात है कि शिवराज जी को
मुख्यमंत्री बनाने की पृष्ठिभूमि पटवाजी ने ही तैय्यार की। पटवाजी से आखिरी संवाद पिछले वर्ष तब हुआ जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के दस वर्ष पूरा होने पर मुझे विशेष सामग्री तैय्यार करने का काम मिला उसमें पटवाजी
का इन्टरव्यू भी शामिल था। पटवाजी ने राजनीति के बारे में बड़े ही दार्शनिक अंदाज में कहा था ‘यहां कोई किसी का गुरू या चेला नहीं होता, सब अपने प्रारब्ध और कर्म के हिसाब से आगे बढ़ते हैं। राजनीति में कभी कोई
किसी की जगह नहीं ले सकता सबको अपनी अपनी जगह बनाना पड़ती है। पटवाजी मध्यप्रदेश की राजनीति की आत्मा में सदा-सदा के लिए चस्पा रहेंगे सरकार
किसी की आए-जाए उनकी स्थापनाएं, आदर्श और सिद्धान्त सबके लिए अपरिहार्य रहेंगे।
LikeShow more reactions
Comment

Wednesday, December 28, 2016

सारा सिस्टम सड़ा है लल्लू।

सबसे ऊपर रिश्वत खोरी
फिर चोरों की सीनाजोरी,
कालेधन से अधिक टीसती
सरहंगों की आदमखोरी।
रिश्वत के उद्गम हैं दफ्तर
रहमत*के दुश्मन हैं दफ्तर,
 फाईलों के वग्जाल में
लल्लू भटके दरदर दरदर।।
बड़े झमेले नमो नमो
कैसे झेलें नमो नमो,
बेइमानों की पूरी पल्टन
एक अकेले नमो नमो।
कबतक झेलें पपलूजी
ये चम्पू चेले पपलूजी,
बड़ेदिनो..की लेलें छुट्टी,
..कन्चे खेलें पपलूजी।
लछमी मैय्या..उल्लू के
ता..ता थैय्या उल्लू के
कालिख को चूने से पोतें,
बड़के भैय्या उल्लू के।
राष्ट्र तुम्ही पे टिका है लल्लू
राष्ट्र तुम्ही पे फिदा है लल्लू
राष्ट्रप्रेम पर बलि बलि जाओ,
यही करम पे लिखा है लल्लू।
धर दो जेंटा* पपलू जी
बासी डेटा पपलू जी,
अगडम बगडम फुर्रे फू
चुप रह बेटा पपलू जी।। *गठ्ठर
करिया उज्जर आधे आधे
इक दूजे को साधे साधे,
लादे लादे अच्छे दिन को
मस्त वजीर पस्त हैं प्यादे।
खटिया माचा पपलू के
खेल तमाशा पपलू के,
जुमलेबाजों अबतो सुनलो
गालिब चाचा पपलू के।
एक अकेला अड़ा है लल्लू
ताल ठोक के खड़ा है लल्लू,
ताक रहे थे चोर तिजोरी
सारा सिस्टम सड़ा है लल्लू।
तन में हो नासूरी फोड़ा
पड़ जाता है मरहम थोड़ा,
चीर फाड़ से ही अब होगा
सारा सिस्टम चंग निगोड़ा।
बेइमानों पर ये बमबम है
या बेइमानों की बमबम है
लल्लू पूछे जगधर कक्का
कौनसा ज्यादा कौनसा कम है
छापे वालों का छापा है
छापे वालों पर छापा है,
पार हुए सब नोट गुलाबी
छापों के ऊपर छापा है।
खादी औ मखमल से रिश्ते
फिर भी वही निराले हैँ,
उधर बरसते नोट गुलाबी
पिटते इधर दिवाले हैं।
दिन पचास हो रहे हैं लल्लू
नाहक ही रो रहे हैँ लल्लू,
काला पीला बना गुलाबी
वे झकास हो रहे हैं लल्लू

लल्लू ....मैंने सपना देखा
सोने का तन अपना देखा,
उनको उंगली करते करते
तना अंगूठा अपना देखा।


जो बीती सो बीत गया
मन का बोझा रीत गया,
कल.तुझसे अब कल निपटेंगे
आज..हमारा जीत गया।

अनुपमजी हमेशा जीवंत हैं पानी की एक एक बूँद और पर्यावरण की आत्मा में

जिस तरह हम बोलते हैं उस तरह तू लिख, और इसके बाद भी हमसे बड़ा तू दिख.... यशस्वी पिता भवानी प्रसाद मिश्र की इस रचनाधर्मी नसीहत को अपने जीवन में उतारकर चरितार्थ करने वाले अनुपम मिश्र आज पितृधाम प्रस्थान कर गए। अनुपमजी एक ऐसे दुर्लभ मनस्वी थे जो ताउम्र प्रकृति की रक्षा के लिए तपस्यारत रहे. जन जन में जल, जंगल व जमीन की समझ बोते रहे। ..आज भी खरे हैं तालाब .. जल संरक्षण की गीता है। और इसकी शुरुआत ही रीवा जिले के मेरे गाँव बड़ी हर्दी के पडोसी जोडौरी गाँव के तालाबों के उद्धरण के साथ शुरू होती है। उनका सानिध्य मेरे लिए सौभाग्य का विषय रहेगा। उनकी बड़ी बहन नंदिता मिश्र जिन्हें हम सब सम्मान से नंदी दीदी के नाम से जानते हैं, कुछ वर्षों तक आकशवाणी रीवा में थी। उन्ही दिनों उनका रीवा आना जाना रहा। इससे पहले वे खेसरी दाल के प्रकोप की अध्ययन यात्रा में रीवा आ चुके थे, पनासी गांव के कई बदनसीब आदिवासयों की व्यथा को विश्वव्यापी बना चुके थे। बहरहाल ...मैंने अपने गावों के तालाबों के बारे में चर्चा की थी, जो पारंपरिक जल प्रबंधन पर थी। बाद में जब ..आज भी खरे हैं तालाब. ... छपकर आयी तो जोडौरी के तालाबो का उल्लेख दिखा, बाद में पता चला कि अनुपमजी तो चुपके से उस गावँ हो भी आये थे। दूसरा संस्मरण भास्कर के दिनों का है। तब राकेश दीवानजी भी वहीं थे। पर्यावरण दिवस पर सम्पादकीय पेज में विशेष सामग्री देनी थी। राकेशजी के सुझाव पर एक आलेख अनुपम जी से बातचीत के आधार पर तैयार किया, ..धरती माँ को बुखार है. ..लेख छपने के बाद अनुपम जी ने फोन पर बताया की पूरे देश से इस लेख पर बड़ी प्रतिक्रियाएं आईं। आखिरी भेंट सचिन जी के बुलावे पर सुखतवा मीडिया कॉन्क्लेव में हुई। वहां उन्होंने राजस्थान के पारंपरिक जलप्रबंधन पर इतना बढ़िया व्याख्यान दिया की हमलोग वैसे ही बंधे रहे जैसे पहली के बच्चे कोई परिकथा सुनकर बंधे रहते हैं। गंभीर से गंभीर विषयों को ऐसे समझाना और प्रस्तुत करना उनकी संप्रेषणीय कला थी. मैं ये मानता हूँ की देश ही नहीं दुनिया भर में प्रकृति पर इतनी पवित्र समझ रखने वाला शायद ही कोई दूसरा होगा। गाँधी को जीने वाले भारत माता के यशस्वी पुत्र अनुपमजी हमेशा जीवंत रहेंगे पानी की एक एक बूँद और देश के पर्यावरण की आत्मा में.